इटावा। थाना जसवंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत जौनई गांव के पास हाईवे पर रविवार सुबह घने कोहरे के कारण यात्री बस और ट्राले के बीच हुई भिड़न्त में बस चालक, कंडक्टर और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे राधिका ट्रेवल्स की बस यूपी 80 बीटी 8284 जोधपुर से यात्रियों को लेकर कानपुर जा रही थी। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से बस अचानक सामने आए मशीन लदे ट्राले से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों में बस चालक महेश कुमार पुत्र कांता प्रसाद निवासी रामबाग प्रकाश नगर आगरा, बस कंडक्टर साहिल खान पुत्र बिक्को खान निवासी राजा खेड़ा धौलपुर, और यात्री कोमल पुत्र मुन्नालाल निवासी उद्योगपुर पोस्ट हथेडी जनपद जालौन शामिल हैं। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद बस चालक महेश कुमार और कंडक्टर साहिल खान को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया है। वहीं घायल यात्री कोमल को सैफई पीजीआई रेफर किया गया। बस चालक महेश कुमार ने बताया कि वह रविवार सुबह करीब 5.30 बजे आगरा से लगभग 30 से 35 यात्रियों को लेकर कानपुर की ओर रवाना हुआ था। कुछ अन्य सवारियों को मामूली चोटें आई हैं लेकिन सभी सुरक्षित हैं। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घने कोहरे बना मुसीबत बस ट्राले से टकराई तीन घायल

