भिण्ड 08 जनवरी 2026/ नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय मेहगांव के छात्रों को निःशुल्क साईकिल वितरण एवं मेधावी छात्रों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान एसडीएम मेहगांव, एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या छात्र उपस्थित रहे।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय मेहगांव के लगभग 65 छात्रों को निःशुल्क साईकिल का वितरण एवं मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र और सील्ड देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने छात्रों से कहा, “ज्ञान का कोई बंटवारा नहीं होता, यह कठिन परिश्रम से ही प्राप्त होता है तथा परिश्रम से ही सफलता के सोपान चढ़े जा सकते हैं। इसलिए सभी छात्र मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता, मेहगांव, भिंड जिले का नाम प्रदेश व देश में रोशन करें।” उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की विभिन्न छात्र कल्याण योजनाओं का उल्लेख किया तथा कहा कि सरकार छात्रों को हर सुविधा उपलब्ध कराने एवं उनकी समस्याओं के निवारण के लिए कटिबद्ध है। यह साईकिल वितरण कार्यक्रम मध्यप्रदेश सरकार की छात्रहितकारी योजनाओं का जीवंत उदाहरण है, जो शिक्षा को सुलभ बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है।
मंत्री श्री शुक्ला ने विद्यालय स्टाफ व छात्रों से अपील की कि उनकी कोई भी समस्या हो तो बिना संकोच बताएं, उसका शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व में योजना की राशि छात्रों के खाते में जाती थी, किंतु अब सीधे साइकिल वितरण हो रहा है, जो अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी है। इससे छात्रों को तत्काल लाभ मिलता है तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ता है।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की स्मृति प्रदर्शनी और छात्रों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की।

