Headlines

फिरोजाबाद के जलालपुर मंदिर में घटयात्रा के साथ शुरू हुआ सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन

फिरोजाबाद। यमुना की तलहटी में स्थित प्राचीन तीर्थ क्षेत्र श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर जलालपुर में मंदिर के 600 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का शुभारंभ भव्य घटयात्रा के साथ हुआ। घटयात्रा का आयोजन जागृति महिला मंडल जैन नगर खेड़ा द्वारा किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में नजर आया।कार्यक्रम का ध्वजारोहण श्री चंद्र प्रकाश जैन एवं श्री शशि जैन चौकी गेट द्वारा किया गया। इसके बाद धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ। शांतिधारा का सौभाग्य श्री विनोद कुमार जैन जलालपुर को प्राप्त हुआ।मंदिर के 600 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। आयोजन में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य मांडना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कलात्मक ढंग से तैयार किए गए मांडने ने मंदिर की शोभा में चार चांद लगा दिए।
विधानाचार्य रमेश चंद्र जैन भगत जी ने भाव नृत्य की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया। वहीं संगीतकार अल्पेश जैन की टीम ने सुमधुर भक्ति प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। संगीत और धार्मिक प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।कार्यक्रम में अशोक कुमार जैन, विनोद कुमार जैन, मनोज कुमार जैन एलआईसी, पंकज कुमार जैन, दिनेश चंद्र जैन, प्रफुल्लित जैन, विकास जैन, अभिषेक जैन, मनोज जैन सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।फिरोजाबाद के अलावा दिल्ली व अन्य स्थानों से भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर घटयात्रा एवं धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता की। मंदिर समिति और समाजबंधुओं के सहयोग से आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मंदिर के 600 वर्षों की गौरवशाली धार्मिक विरासत को समर्पित इस आयोजन के साथ श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान की धार्मिक गतिविधियों का विधिवत शुभारंभ हुआ।

Please follow and like us:
Pin Share