Headlines

सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए डीएम और एसएसपी ने की समीक्षा

इटावा- जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, गलत दिशा में वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, प्रकाश व्यवस्था और गति नियंत्रण के उपायों की स्थिति का परीक्षण कर जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।एसएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन करना और आमजन को जागरूक करना जरूरी है। विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर विशेष रूप से युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया। उन्होंने लोगों से स्वयं की सुरक्षा के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात रामगोपाल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share