इटावा। वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय जुनैद तैमूरी ने अपनी बेबाक लेखनी, स्पष्टवादिता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से पत्रकारिता जगत में विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने महज 15 वर्ष की उम्र में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय प्रताप सिंह चौहान के मार्गदर्शन में साप्ताहिक समाचार पत्र ‘प्रलय’ से पत्रकारिता की शुरुआत की। बाद में अमर उजाला में लंबे समय तक कार्य किया और पंजाब केसरी, नवभारत तथा डीएलए जैसे समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी निभाई।
जुनैद तैमूरी के संपर्क प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति की कई प्रमुख हस्तियों से रहे। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव से उनके आत्मीय पारिवारिक संबंध थे। राजनीतिक कार्यक्रमों और क्रांति रथ यात्रा की कवरेज के साथ उन्होंने चंबल घाटी में दस्यु गतिविधियों से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग भी की।उनकी पत्रकारिता की विशेषता जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाना, संवेदनशील घटनाओं की कवरेज करना और अपनी स्पष्ट राय रखना थी। उन्होंने नई पीढ़ी के कई पत्रकारों को प्रेरित किया। उनके परिचित आज भी उनके अनुभव और कार्यशैली को याद करते हैं।स्वर्गीय जुनैद तैमूरी का निधन 10 अक्टूबर 2023 को हुआ था। उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। इटावा की पत्रकारिता में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा।“जमीन से उठकर बुलंदियों तक का शानदार सफर तय करने वाले जुनैद तैमूरी साहब को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।”
निर्भीक पत्रकारिता की पहचान थे स्वर्गीय जुनैद तैमूरी

