इटावा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए पीस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद कर त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी लोग आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे की भावना के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा विवाद उत्पन्न करने वाली सामग्री को प्रसारित करने से बचें। किसी भी संदिग्ध सूचना अथवा घटना की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की गई।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने पीस कमेटी के सदस्यों एवं धर्मगुरुओं से भी प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। कहा गया कि सामूहिक सहयोग एवं आपसी समन्वय से त्योहारों को शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विपिन कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
त्योहारों पर सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी नजर, डीएम-एसएसपी ने दिए सतर्कता के निर्देश

