इटावा। जैसे-जैसे 2027 क़रीब आता जा रहा है सभी प्रमुख राजनीतिक दलों में पदों को लेकर फेरबदल की उठा पटक शुरू हो गई है। चूंकि इस बार कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में एक अलग मोड में आ चुकी है। इसी के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां बूथ स्तर से लेकर बड़े स्तर तक लगभग शुरू कर दी हैं। इसी को लेकर कांग्रेस की ओर से तीन दिनों के प्रवास के दौरान बड़े राष्ट्रीय प्रेक्षक रामकृष्ण ओझा एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं राष्ट्रीय सचिव कांग्रेस पार्टी, मदन मोहन शुक्ला एआईसीसी मेंबर एवं पूर्व उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश कमेटी, एवं पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान द्वारा ज़िला अध्यक्षों के चुनावों की प्रक्रिया केतहत लगातार पूरे जनपद में पार्टी पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने वाले दावेदारों की सक्रियता को लेकर नब्ज़ टटोली गई। साथ ही सामाजिक लोगों खासकर मुस्लिम समाज के लोगों का मन जाननें का प्रयास भी किया कि उनकी क्या सोच है कांग्रेस के विषय में। इस बीच सभी प्रेक्षक ब्राह्मण संगठनों से भी मिले और यह जानने का प्रयास किया कि आख़िर उनके मन में क्या चल रहा है? ऐसा समझा जा रहा है कि कांग्रेस चुनाव ज़िला व शहर के अध्यक्षों के लिए नए नाम तलाश रही है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस को एक दो दिन के अंदर नये जिलाध्यक्ष एवं शहर अध्यक्ष मिल जाएंगे। मंगलवार को जिलाध्यक्ष व शहर अध्यक्ष बनने के इच्छुक पार्टी नेताओंने अपने-अपने आवेदन दिए। प्रदेश से आए सभी राष्ट्रीय प्रेक्षकों राम कृष्णा ओझा, मदन मोहन शुक्ला एवं प्रकाश प्रधान ने सभी आवेदकों का इंटरव्यू लिया। सिंचाई विभाग के सभागार में दिनभर चले साक्षात्कार में अध्यक्ष पद के दावेदार अपनी-अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते नज़र आए। जानकारी के अनुसार जिलाध्यक्ष पद के लिए 16 और शहर अध्यक्ष पद के लिए 6 आवेदन आए। जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों में कई नाम हैं है जो प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। किंतु कौन बाज़ी मारेगा यह भविष्य के गर्त में है।
जल्द ही होगी कांग्रेस के नए ज़िला एवं शहर अध्यक्षों के नामों की घोषणा ज़िला अध्यक्ष पद के लिए 16 और शहर अध्यक्ष के लिए 6 आवेदन किए गए

