इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के नगला जलाल में 30 अगस्त को हुई चरन सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, नगला जलाल निवासी टिंकू ने थाना ऊसराहार में तहरीर दी थी कि वह अपने पिता चरन सिंह के साथ घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान राहुल अपने साथियों के साथ तमंचा लेकर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। चरन सिंह द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर गोली चला दी और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना में गंभीर रूप से घायल चरन सिंह की बाद में मृत्यु हो गई। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रात में भरतिया सरसई नावर सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर खरगुआ पुलिया सर्विस रोड, भरतिया-चौबिया मार्ग से आरोपी राहुल पुत्र औसान सिंह, निवासी नगला जलाल, उम्र करीब 21 वर्ष को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि बिजली की केबल डालने को लेकर उसका अपने चाचा चरन सिंह से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने अपने भाई राजा उर्फ राजकुमार और साथियों के साथ मिलकर चरन सिंह पर तमंचे से फायरिंग की थी, जिससे उन्हें गोली लगी और बाद में उनकी मृत्यु हो गई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र कुमार मिश्रा थाना ऊसराहार मय पुलिस टीम द्वारा की गई।
चरन सिंह हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी राहुल गिरफ्तार तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद

