Headlines

जिंदा युवती को कागजों में मृत दिखाकर राशन कार्ड से नाम काटने का आरोप

इटावा। सरकारी सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। बढ़पुरा विकासखंड के ग्राम विचारपुरा निवासी गरीब महिला उमा देवी पत्नी शिवराज सिंह का अंत्योदय राशन कार्ड कथित तौर पर बिना उचित कारण के काट दिए जाने का आरोप है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उमा देवी लीवर की बीमारी से भी ग्रसित हैं और पिछले करीब तीन माह से राशन के लिए परेशान हैं।मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि परिवार की 19 वर्षीय कीर्ति शाक्य, जो वर्तमान में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं, को कथित तौर पर सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्शाकर राशन कार्ड से उनका नाम काट दिया गया।उमा देवी के पुत्र श्रीकांत शाक्य का आरोप है कि गांव के दबंग प्रधान ने राशन डीलर रणवीर सिंह यादव से कहकर उनके पूरे परिवार का राशन कार्ड कटवा दिया। उनका कहना है कि परिवार पिछले करीब तीन माह से राशन कार्ड बहाल कराने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय और जिलाधिकारी कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की जांच कर राशन कार्ड तत्काल बहाल कराने तथा जीवित युवती को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाए जाने की जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग की है।मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक जीवित 19 वर्षीय युवती को सरकारी रिकॉर्ड में मृत किस आधार पर दर्शाया गया? किस अधिकारी या कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर उसका नाम काटा गया और राशन कार्ड में बदलाव से पहले सत्यापन की प्रक्रिया कैसे पूरी हुई?अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को राहत कब तक देता है।

Please follow and like us:
Pin Share