इटावा। स्कूलों में बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार या फिर स्कूल प्रशासन की लापरवाही के चलते आए दिन छोटी-छोटी उम्र के बच्चों के साथ होने वाली दुर्घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। आए दिन दिल को दहला देने वाली घटनाएं सामने आती रहती हैं इसी का एक जीता जागता उदाहरण फ्रेंड्स कॉलोनी के निजी विद्यालय में देखने को मिला।प्राप्त जानकारी के अनुसार फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित इटावा पब्लिक स्कूल में बुधवार दोपहर कक्षा 8 के 14 वर्षीय छात्र पिंटू राठौर की खिड़की से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता राजू राठौर ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है और सीसीटीवी कैमरे केवल दिखावे के लिए लगे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते शिक्षक या स्टाफ बच्चे पर ध्यान देते तो उसकी जान बच सकती थी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल विक्रम सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि छुट्टी के समय सभी छात्र लाइन से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पिंटू कक्षा में रुक गया, खिड़की खोली और लगभग 20–25 फीट की ऊंचाई से नीचे कूद गया। उनके अनुसार पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
शासन-प्रशासन को चाहिए कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े नियम बनाए। जिसके चलते विद्यालय प्रबंधन इन बच्चों के प्रति लापरवाही न बरते । और किसी भी माता-पिता का संसार उजड़ने से बच सके।
स्कूल की खिड़की से गिरने पर 8 वर्षीय छात्र की मौत, जांच में जुटी पुलिस

