इटावा। ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (एएलयू) की इटावा शाखा ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर दिल्ली में नीट अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा की। संगठन ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 21 जुलाई 2026 को दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जिससे कई छात्र घायल हुए।राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने, कथित परीक्षा अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं विश्वसनीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही छात्रों की मांगों के अनुरूप केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी दोहराई गई।
यूनियन ने संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और कानून के शासन की रक्षा सुनिश्चित करने की अपील करते हुए लाठीचार्ज में घायल छात्रों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की भी मांग की।इस अवसर पर ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन इटावा के अध्यक्ष विजयराम भारती एडवोकेट, महामंत्री मनोज कुमार सिंह गौर एडवोकेट, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार गौर सहित अन्य पदाधिकारी एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे।
नीट अभ्यर्थियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

