इटावा। उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में इटावा सफारी पार्क में आयोजित तीन दिवसीय 10वीं उत्तर प्रदेश स्टेट योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से 200 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन शाम 5 बजे इटावा सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने किया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विकास नायक, डीएफओ इटावा, शिवम मिश्रा, डीएफओ मैनपुरी, वेंकटा श्रीकर पटेल, डीएफओ मथुरा,सर्वेश सिंह चौहान, अध्यक्ष क्रिकेट एसोसिएशन, आलोक दीक्षित, अध्यक्ष व्यापार मंडल तथा कैलाश चंद यादव, प्रबंधक पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल इटावा उपस्थित रहे।आयोजन समिति के सचिव एवं सफारी पार्क के क्षेत्रीय वन अधिकारी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी ए.के. सक्सेना ने अपने उद्बोधन में प्रतियोगिता में शामिल सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।निर्णायक मंडल के अध्यक्ष मुकेश राय ने शाम 6 बजे प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया। पहले दिन की प्रतियोगिता समाप्त होने तक आगरा की टीम प्रथम, बुलंदशहर की टीम द्वितीय तथा इटावा की टीम तृतीय स्थान पर रही।जनरल सेक्रेटरी ए.के. सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन 8 अगस्त 2026 को मुख्य अतिथि के रूप में अजयदीप सिंह, आईएएस (सेवानिवृत्त), अध्यक्ष अखिल भारतीय स्वदेशी खेल एसोसिएशन उपस्थित रहेंगे। दूसरे दिन प्रतियोगिताएं सुबह 9 बजे से प्रारंभ होकर शाम 8 बजे तक चलेंगी।उन्होंने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में इटावा के 45 प्रतिभागी विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के आयोजन से इटावा में योग एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ युवा प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
इटावा सफारी पार्क में 10वीं यूपी स्टेट योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शानदार आगाज

