इटावा। शहर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, लालपुरा में स्वर्णिम वर्षायोग-2026 के अंतर्गत परम पूज्य मुनि श्री 108 विशल्य सागर महाराज जी ससंघ के पावन सान्निध्य में धर्म और आध्यात्म की पावन धारा बहेगी। मंदिर परिसर में जिनसहस्रनाम महाअर्चना एवं विश्वशांति महायज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन 9 से 13 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत प्रातःकाल 6 बजे श्रीजी का अभिषेक एवं मुनि श्री के मुखारविंद से शांति पाठ कराया जाएगा। इसके पश्चात संगीत के साथ धार्मिक विधान संपन्न होंगे। मुनि श्री विशल्य सागर महाराज जी द्वारा श्रद्धालुओं को मंगल प्रवचन के माध्यम से जैन धर्म के सिद्धांतों एवं रत्नकरण्डक श्रावकाचार के विषय में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।स्वर्णिम वर्षायोग साधु सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य भगवान जिनेंद्र की आराधना, सामूहिक धार्मिक साधना तथा संपूर्ण विश्व में सुख-शांति एवं मंगल की कामना करना है। आयोजन को लेकर जैन समाज में विशेष उत्साह और श्रद्धालुओं में उमंग का माहौल है।जैन समाज के अध्यक्ष संजू जैन ठेकेदार ने बताया कि आयोजन के दौरान जिनसहस्रनाम महाअर्चना समेत अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालु सामूहिक रूप से भगवान जिनेंद्र की आराधना कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। वहीं विश्वशांति महायज्ञ के माध्यम से समाज, देश और संपूर्ण विश्व में सुख-शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना की जाएगी।आयोजन समिति ने जैन समाज के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता कर धर्मलाभ लेने की अपील की है। जिनसहस्रनाम महाअर्चना में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु पूरन जैन, रितेश जैन एवं बंटी बनारस से संपर्क कर सकते हैं।
लालपुरा जैन मंदिर में जिनसहस्रनाम महाअर्चना एवं विश्वशांति महायज्ञ आयोजन आज- मुनि श्री विशल्य सागर महाराज जी

