इटावा। आगामी श्रावण सोमवार, चेहल्लुम, रक्षाबंधन, नागपंचमी, स्वतंत्रता दिवस एवं बारहवफात के मद्देनजर सदर कोतवाली में सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर सिंह एवं सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी धर्मगुरुओं, व्यापारी नेताओं, सभासदों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी से सभी पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की। वहीं सीओ सिटी ने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाल यशवंत सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पीस कमेटी के सदस्यों ने त्योहारों के दौरान बिजली, पानी एवं सड़क जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने की मांग की। अधिकारियों ने लोगों से माहौल खराब करने वाले तत्वों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष आलोक दीक्षित, अशोक जाटव, शावेज़ नकवी, आफताब खान, गुलशेर, सुधीर गुप्ता, इकरार, गुड्डू मंसूरी, लल्लू वारसी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आगामी त्योहारों को लेकर सदर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्द बनाए रखने की अपील

