इटावा। शहर के श्री आदिनाथ चंद्र प्रभु दिगंबर जैन मंदिर, कटरा सेवक कली में 21 से 29 जुलाई 2026 तक नौ दिवसीय श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ का भव्य आयोजन होगा। यह आयोजन विकास समिति महिला मंडल, कटरा सेवक कली (नया शहर) के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।विधानाचार्य पंडित संजय जैन शास्त्री (सिहोनिया) के सान्निध्य एवं निर्देशन में प्रतिदिन नित्य पूजन, शांतिधारा, श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान, आरती, शास्त्र सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति एवं आध्यात्मिक साधना का लाभ प्राप्त होगा।
29 जुलाई को विश्व शांति महायज्ञ, विशाल शांतिधारा, विधान पूर्णाहुति, विसर्जन एवं सम्मान समारोह के साथ आयोजन का भव्य समापन होगा। इस दौरान समाज के अनेक परिवार इंद्र-इंद्राणी, अष्टकुमारियां एवं लोकबालक देव के रूप में धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करेंगे।
विकास समिति महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती बेबी जैन ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने तथा विश्व शांति एवं मानव कल्याण की मंगलकामना के इस पावन आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
कटरा सेवक कली जैन मंदिर में 21 जुलाई से श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ

