इटावा। राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी ने करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे लूट के वारंटी अभियुक्त एवं हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के बावजूद वर्ष 2018 से लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात समेत अन्य राज्यों में ठिकाने बदल रहा था।जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 15 जुलाई को सुबह करीब 10:45 बजे मुनी का अड्डा, थाना सिविल लाइन क्षेत्र से प्रशांत कश्यप पुत्र प्रमोद कश्यप, निवासी मुनी का अड्डा, जनपद इटावा (उम्र लगभग 28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। अभियुक्त हिस्ट्रीशीटर संख्या 125/ए का अपराधी है तथा उसके विरुद्ध लूट, चोरी, चोरी के प्रयास, रेलवे एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक कोमल कुंतल, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार तथा आरक्षी रोहिताश शामिल रहे।
जीआरपी ने 8 साल से फरार लूट का वारंटी हिस्ट्रीशीटर पुलिस के चढ़ा हत्थे

