Headlines

शहर में अचानक बढ़े बिजली बिल से उपभोक्ता परेशान, विभाग पर मनमानी का आरोप

इटावा। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री आकाशदीप जैन ने जनपद में अचानक बढ़े बिजली बिलों पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग 47 लाख बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शनों का विद्युत भार बिना उनकी सहमति या पूर्व सूचना के बढ़ा दिया गया है। कई स्थानों पर 1 किलोवाट के कनेक्शन को बढ़ाकर 2 या 3 किलोवाट कर दिया गया, जिससे उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत निगम ने पिछले छह माह की औसत बिजली खपत के आधार पर उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाने की कार्रवाई की है। इससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। आकाशदीप जैन ने कहा कि विभाग की इस कार्यप्रणाली से जनता में भारी नाराजगी है और भाजपा सरकार में विद्युत विभाग मनमानी कर रहा है, जिसका सीधा खामियाजा आम बिजली उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस निर्णय की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

Please follow and like us:
Pin Share