इटावा। जिला बार एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार को कचहरी परिसर में हवालात के पीछे बनने वाले बरामदे का भूमि पूजन एवं शिलान्यास सदर विधायक सरिता भदौरिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के साथ किया। इसके उपरांत जिला बार एसोसिएशन सभागार में उनका अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सरिता भदौरिया ने महिला अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए कचहरी परिसर में अत्याधुनिक टॉयलेट निर्माण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व डीबीए अध्यक्ष स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी की स्मृति में एक भव्य स्मृति द्वार का निर्माण कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों के लिए वह हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी।डीबीए अध्यक्ष राजेश कुमार त्रिपाठी ने विधायक का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए बरामदा निर्माण के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक के सहयोग से अधिवक्ताओं की कई समस्याओं का समाधान हुआ है और भविष्य में भी इसी तरह सहयोग मिलने की उम्मीद है।इस अवसर पर महामंत्री नितिन तिवारी, कोषाध्यक्ष प्रभाकर त्रिपाठी, एडवोकेट योगेश कुमार यादव, आदित्य मोहन शर्मा, मीडिया प्रभारी अमित तिवारी, कार्यक्रम संचालक देवेंद्र पांडेय सहित जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
जिला बार एसोसिएशन में बरामदे का शिलान्यास, महिला अधिवक्ताओं के लिए अत्याधुनिक टॉयलेट बनाने की घोषणा

