Headlines

भारतीय संस्कृति के संरक्षण का लिया संकल्प,सभा में नई कार्ययोजना पर हुआ मंथन

इटावा। भारतीय संस्कृति, कला एवं साहित्य के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से कार्यरत अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती, इटावा इकाई की साधारण सभा का शहर के प्रतिष्ठित होटल ग्रांड इम्पीरिया में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के वार्षिक प्रतिवेदन एवं आय-व्यय का अनुमोदन करने के साथ आगामी सत्र की कार्ययोजना पर व्यापक मंथन हुआ तथा भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती एवं भगवान नटराज के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन, पुष्पार्पण, तिलक-वंदन तथा संस्कार भारती के ध्येय गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इकाई अध्यक्ष कुलदीप अवस्थी, उपाध्यक्ष डॉ. कैलाश चंद्र यादव, डॉ. शैलेन्द्र कुमार शर्मा एवं महेश चंद्र तिवारी ने मुख्य अतिथि, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त ध्रुपद गायक तथा संस्कार भारती कानपुर-बुंदेलखंड प्रांत के प्रांत अध्यक्ष पं. विनोद कुमार द्विवेदी का अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इटावा विभाग प्रचारक मा. यशवीर जी का सम्मान अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया गया।
बैठक में इकाई सचिव कुलदीप कुमार मिश्रा ने सत्र 2025–26 का वार्षिक कार्यवृत्त प्रस्तुत किया, जबकि गोपाल मोहन तिवारी ने आय-व्यय का विस्तृत विवरण रखा। उपस्थित सदस्यों ने ‘ॐ’ की मंगलध्वनि के साथ सर्वसम्मति से दोनों प्रस्तावों का अनुमोदन किया। इसके पश्चात इकाई अध्यक्ष ने आगामी सत्र की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए संगठन के विस्तार, तथा सांस्कृतिक गतिविधियों को जनसामान्य तक पहुँचाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि/वक्ता पं. विनोद कुमार द्विवेदी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति केवल परंपरा नहीं, बल्कि जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने प्रत्येक भारतीय से भाषा, भूषा, भजन, भोजन, भ्रमण और भवन—इन छह आयामों में भारतीयता को अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि स्वदेशी जीवन-मूल्यों को व्यवहार में उतारकर ही परिवार, समाज और राष्ट्र की सांस्कृतिक अस्मिता को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने संस्कार भारती के माध्यम से कला, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण हेतु अधिकाधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।बैठक में प्रांतीय पदाधिकारी अत्रि दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रांत अध्यक्ष के अनुमोदन से सत्र 2026–27 के लिए इटावा के प्रतिष्ठित संगीत विशेषज्ञ श्री राजीव कुमार मिश्रा को इकाई का संरक्षक मनोनीत किया गया। साथ ही पूर्व जिला कार्यकारिणी को पुनः दायित्व सौंपते हुए संगठन की आगामी योजनाओं को गति देने का निर्णय लिया गया।कार्यक्रम का संचालन कुलदीप कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर राजेश किशोर त्रिपाठी एवं नगर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों एवं संगठन के वरिष्ठ सदस्यों ने प्रांत अध्यक्ष से भेंट कर संगठन के विस्तार और भावी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की। आयोजन की सफलता में सौरभ सक्सेना, प्रशांत दीक्षित, दीपक तिवारी, वीरेन्द्र जैन एवं सुवेश तिवारी का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में उपस्थित सदस्यों की गरिमामयी सहभागिता ने आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

Please follow and like us:
Pin Share