Headlines

लॉर्ड कृष्णा मैरिज होम में 21 जून से संगीतमय भागवत कथा का आयोजन

इटावा। पुरुषोत्तम मास अखंड कीर्तन समिति पंसारी टोला के तत्वावधान में 21 जून से 28 जून तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन छैराहा के पास स्थित लॉर्ड कृष्णा मैरिज होम में होने जा रहा है जिसमें भिंड मध्य प्रदेश की ख्यातिप्राप्त कथा व्यास सुश्री ऋतु पाण्डेय अपनी अमृतमयी वाणी से भक्त श्रोताओं को कथा रसपान कराएंगी।
भागवत कथा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अखंड कीर्तन समिति के अध्यक्ष ओपी गौर ने बताया कि धर्मानुरागी स्व. बसंत लाल गोस्वामी द्वारा स्थापित पुरुषोत्तम मास अखंड कीर्तन वर्ष 1954 से लगातार प्रत्येक पुरुषोत्तम मास में होता आ रहा है, जिसमें पूरे माह पंसारी टोला क्षेत्र के भक्तमना लोगों के घरों में चौबीस घंटों के लिए ‘ हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे, संकीर्तन किया जाता है। इस वर्ष यह अखंड कीर्तन 15 मई से आरम्भ हुआ और सोमवती अमावस्या को विश्राम के बाद समिति की ओर से यह निर्णय लिया गया कि इस बार संकीर्तन की अपार सफलता पर श्रीमद्भागवत कथा भी कराई जाय। उसी के तहत समिति के संरक्षक राकेश चंद्र पाठक की संरक्षकता में आगामी 21 जून को सायं पांच बजे से भव्य कलश यात्रा के साथ भागवत कथा का शुभारंभ होगा तथा 27 जून को कथा का विश्राम होगा। 28 जून को प्रातः हवन पूजन के बाद विशाल भंडारा किया जाएगा। कथा का समय सायं पांच से रखा गया है। मां बागेश्वरी धाम दबोह जिला भिंड की सुविख्यात कथा व्यास ऋतु पाण्डेय कथा रसपान कराएंगी, जिसमें भगवान के चौबीस अवतारों की विशेष कथा का वर्णन होगा। आयोजन समिति ने इटावा के सभी भक्त श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे भागवत कथा श्रवण कर जीवन को धन्य बनाएं। प्रेस वार्ता में संरक्षक राकेश चंद्र पाठक, उपाध्यक्ष सचिन वर्मा लाले, मयंक दुबे सोनू, संजय गौर, महामंत्री दिलीप दुबे, कोषाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, विष्णु नारायण शोरावाल, राम मनोहर दीक्षित, अर्पित गौर उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share