Headlines

फिरोजाबाद में निर्वाण लाडू समर्पण एवं धर्मनाथ विधान के साथ सम्पन्न हुआ महोत्सव

फिरोजाबाद- न्यू तिलक नगर स्थित श्री 1008 पद्मप्रभ जिनालय में जैन धर्म के चौदहवें तीर्थंकर श्री 1008 धर्मनाथ भगवान के पावन निर्वाण कल्याणक के अवसर पर आयोजित निर्वाण लाडू महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।कार्यक्रम का शुभारंभ रजत कलशों से भगवान धर्मनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने रजत कलशों से अभिषेक कर अपने आप को धन्य एवं सौभाग्यशाली महसूस किया। प्रथम कलश की शांतिधारा विनेश कुमार अभिषेक जैन (विजय नगर) एवं द्वितीय कलश की शांतिधारा ब्रजेश कुमार यश जैन के द्वारा सम्पन्न हुई।इसके पश्चात श्री देव-शास्त्र-गुरु पूजन एवं मूलनायक श्री 1008 पद्मप्रभ भगवान जी का पूजन विधिपूर्वक सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में न्यू तिलक नगर सहित लक्ष्मी नगर, विजय नगर, महावीर नगर, दखल, दुर्गा नगर एवं नगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित हुए। श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम की भव्यता में चार चाँद लगा दिए।महोत्सव का मुख्य आकर्षण सामूहिक निर्वाण लाडू समर्पण रहा। इस अवसर पर उपस्थित सभी पुजारियों ने सामूहिक रूप से मुख्य निर्वाण लाडू भगवान धर्मनाथ के चरणों में अर्पित किया। भगवान के जयघोषों एवं मंगलाचरण के मध्य सम्पन्न हुए इस आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।इसके उपरांत भक्तिमय संगीत के साथ श्री 1008 धर्मनाथ भगवान विधान का आयोजन सम्पन्न हुआ। विधान में श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ सहभागिता की। भक्ति गीतों, स्तुतियों एवं मंत्रोच्चारों से सम्पूर्ण जिनालय परिसर धर्ममय हो उठा।कार्यक्रम में श्री पद्मप्रभ महिला मंडल, न्यू तिलक नगर का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। महिला मंडल द्वारा भगवान धर्मनाथ की भक्ति में समर्पित भाव नृत्य प्रस्तुत किया गया। भक्तिरस से परिपूर्ण इस प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया तथा सम्पूर्ण जिनालय परिसर भक्ति एवं श्रद्धा के वातावरण से गुंजायमान हो उठा।कार्यक्रम में एम. जे. म्यूजिकल ग्रुप, फिरोजाबाद द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी गईं। प्रसिद्ध भजन गायक मयंक जैन, फिरोजाबाद ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम के सफल संचालन एवं धार्मिक अनुष्ठानों को सम्पन्न कराने में पंडित निखिल शास्त्री का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। उनके कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में समस्त कार्यक्रम अत्यंत सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में नरेन्द्र कुमार जैन, विमलेश कुमार जैन, मनीष जैन, विनीत कुमार जैन, महेश चन्द्र जैन (पप्पू), दिनेश चन्द्र जैन (मामा स्वीट्स), संजीव कुमार जैन, सर्वेश कुमार जैन, सुनील कुमार जैन, विकास जैन, कमलेश कुमार जैन सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।कार्यक्रम के सफल आयोजन में महेश चन्द्र जैन, मनीष जैन, रवीश जैन, मोहित जैन एवं वीर जैन का विशेष योगदान रहा। आयोजक परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी श्रद्धालुओं, पुजारियों, महिला मंडल एवं धर्मप्रेमी बंधुओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

Please follow and like us:
Pin Share