Headlines

उप निरीक्षक परीक्षा की तैयारियों का एसएसपी ने किया निरीक्षण, दिए दिशा-निर्देश

इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (DV/PST) परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन इटावा का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बताया गया कि लिखित परीक्षा में सफल कुल 134 अभ्यर्थियों, जिनमें 56 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं, के लिए आयोजित होने वाली DV/PST परीक्षा की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण (PST), सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता, प्रतीक्षा स्थल, यातायात प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।उन्होंने निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के प्रवेश द्वार पर एडमिट कार्ड एवं पहचान पत्रों की गहन जांच की जाए तथा बायोमेट्रिक, डिजिटल आईरिस एवं ई-केवाईसी प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जाए। किसी भी प्रकार की विसंगति अथवा पहचान संबंधी संदेह की स्थिति में अभ्यर्थी को तत्काल नोडल अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।एसएसपी ने परीक्षा स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी एवं रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए रीयल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय, बैठने की व्यवस्था एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा महिला अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पृथक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं अभ्यर्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द, क्षेत्राधिकारी नगर अभयनारायण राय, क्षेत्राधिकारी सैफई कुशलपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share