Headlines

जलालपुर में 600 वर्ष प्राचीन दिगम्बर जैन मंदिर में श्रीजी किया अभिषेक व शांति धारा

फिरोजाबाद(जलालपुर)-यमुना तलहटी में स्थित लगभग 600 वर्ष प्राचीन ऐतिहासिक श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, जलालपुर में धर्मशाला की द्वितीय मंजिल के निर्माण कार्य के अंतर्गत लेंटर कार्य का शुभारंभ धार्मिक विधि-विधान एवं मंगलाचरण के साथ संपन्न हुआ।कार्यक्रम के प्रारंभ में नवीन मेला महोत्सव समिति, जलालपुर के अध्यक्ष आयुष जैन (JYC) एवं उनकी टीम को भगवान आदिनाथ का अभिषेक एवं शांतिधारा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। तत्पश्चात समिति की ओर से भगवान आदिनाथ को महाअर्घ समर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, धर्म प्रभावना एवं निर्माण कार्य की सफलता की मंगलकामना की गई।इसके उपरांत मंदिर समिति के निदेशक रमेश चंद जैन भगत ने विधिवत नारियल फोड़कर धर्मशाला की द्वितीय मंजिल के लेंटर कार्य का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर मंदिर एवं मेला समिति के पदाधिकारियों तथा समाज के अनेक श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।मंदिर एवं मेला संस्थागत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश जैन ने बताया कि धर्मशाला की द्वितीय मंजिल का निर्माण कार्य समाज के सहयोग से निरंतर प्रगति पर है और अब उसके महत्वपूर्ण चरण लेंटर कार्य की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के निर्माण पूर्ण होने पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा मंदिर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने निर्माण कार्य में सहयोग करने वाले सभी दानदाताओं एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।मंदिर समिति के अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला ऐतिहासिक एवं धार्मिक श्री 1008 भगवान आदिनाथ वार्षिक मेला महोत्सव आगामी 27 सितंबर 2026 को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले की तैयारियां अभी से युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दी गई हैं। इस मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु, धर्मप्रेमी एवं पर्यटक भाग लेते हैं। इस वर्ष भी धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से मेले को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है।उन्होंने समाज के सभी वर्गों से मेले की तैयारियों एवं धर्मशाला निर्माण कार्य में तन, मन एवं धन से सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया, ताकि यह प्राचीन तीर्थ क्षेत्र धर्म प्रभावना एवं सामाजिक विकास के नए आयाम स्थापित कर सके।मंदिर के महामंत्री विनोद कुमार जैन ने बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य कराए जाते हैं। धर्मशाला की द्वितीय मंजिल का निर्माण भी उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण कार्य है, जिससे भविष्य में आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।कार्यक्रम में अशोक कुमार जैन, विनोद कुमार जैन, मनोज कुमार जैन (LIC), मनोज कुमार जैन, निर्मल जैन, धर्मेंद्र जैन, हर्ष जैन, अभिषेक जैन, अंशुल जैन, राहुल जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने धर्मशाला निर्माण कार्य के सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए धर्म एवं समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।धार्मिक उल्लास, समाज की एकजुटता एवं विकास के संकल्प के साथ सम्पन्न यह कार्यक्रम मंदिर के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। धर्मशाला निर्माण पूर्ण होने के पश्चात यह क्षेत्र श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं यात्रियों के लिए और अधिक सुविधायुक्त बनेगा तथाआगामी आदिनाथ मेला महोत्सव के आयोजन को भी नई भव्यता प्रदान करेगा।

Please follow and like us:
Pin Share