फिरोजाबाद-जैन समाज की भावी पीढ़ी को धर्म, संस्कार एवं संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से के.के.पी.एस. उज्जैन, श्री कुन्दकुन्द स्वाध्याय मंदिर ट्रस्ट एवं अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन, शाखा देवनगर (भिंड) के तत्वावधान में आयोजित 20वें सामूहिक जैन बाल संस्कार शिक्षण शिविर का शुभारंभ दिनांक 4 जून 2026 से श्री 1008 पद्मप्रभ जिनालय, न्यू तिलक नगर, फिरोजाबाद में होने जा रहा है।यह शिविर 4 जून से 11 जून 2026 तक संचालित होगा। शिविर का उद्देश्य बालक एवं बालिकाओं में जैन संस्कार, धर्मज्ञान, नैतिक मूल्यों, सदाचार, अनुशासन एवं धार्मिक चेतना का विकास करना है, जिससे भावी पीढ़ी धर्म एवं संस्कृति से जुड़कर एक आदर्श एवं संस्कारित समाज का निर्माण कर सके।विशेष बात यह है कि यह संस्कार अभियान केवल एक मंदिर तक सीमित न रहकर फिरोजाबाद नगर के विभिन्न जैन मंदिरों एवं क्षेत्रोंमें आयोजित किया जाएगा। इनमें राजा का ताल, न्यू तिलक नगर, रसूलपुर, हनुमानगंज, बड़ा मोहल्ला, कोटला, देवनगरसहित अनेक प्रमुख स्थान सम्मिलित हैं, जिससे अधिकाधिक बालक-बालिकाओं को धर्म एवं संस्कारों का लाभ प्राप्त हो सकेगा।शिविर में प्रतिदिन अभिषेक एवं शांतिधारा, देव-शास्त्र-गुरु पूजा, धार्मिक कक्षाएं, नैतिक शिक्षा, संस्कार प्रशिक्षण एवं स्वल्पाहार आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से बच्चों को जैन धर्म के सिद्धांतों, पूजा-विधि, आचार-विचार, व्यवहारिक जीवन मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति की व्यावहारिक शिक्षा प्रदान की जाएगी।विशेष रूप से पं. अंकुर शास्त्री, पं. प्रतीक शास्त्री एवं निखिल शास्त्री के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। उनके धार्मिक ज्ञान, अनुभव एवं संस्कार निर्माण की भावना से बच्चों को जैन धर्म के गूढ़ सिद्धांतों एवं जीवनोपयोगी मूल्यों का लाभ प्राप्त होगा।साथ ही सोनगढ़ (गुजरात) में अध्ययनरत नमन जैन, वीर जैन एवं अनंत जैन शिविर सहयोगकर्ता के रूप में बच्चों को संस्कार एवं धार्मिक शिक्षा प्रदान करेंगे।कार्यक्रम संयोजक विमलेश कुमार जैन सिंघई, दिनेश कुमार जैन (मामा स्वीट्स) एवं महेश चन्द्र जैन (पप्पू) ने समस्त समाजजनों से इस शिविर एवं उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आग्रह किया है।संस्कारित बालक ही संस्कारित समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं।
फिरोजाबाद में 20वें सामूहिक जैन बाल संस्कार शिक्षण शिविर का 4 जून को होगा भव्य शुभारंभ

