संपूर्ण समाधान दिवस में 23 शिकायतें, मौके पर नहीं हुआ निस्तारण

जसवंतनगर। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। इस दौरान कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद रहे और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्राम अहिर टोला की संत प्रभा ने भूमि पर कब्जे का आरोप लगाते हुए पैमाइश कराकर न्याय दिलाने की मांग की। तुलसीनगर के रामजीलाल ने निर्माणाधीन मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट विद्युत लाइन हटवाने की गुहार लगाई।
ग्राम जल पोखरा के राहुल प्रताप सिंह ने चकरोड निर्माण शुरू न होने की शिकायत की, जबकि पीहरपुर के अखिलेश कुमार ने चकरोड पर कब्जे का आरोप लगाया। छिमारा रोड निवासी अभिषेक कुमार ने मकान के पास गड्ढा खोदे जाने से खतरा बताया।
निलोई के रामजीलाल ने विद्युत कनेक्शन के बावजूद आरसी जारी होने की शिकायत की। पूर्व सभासद ऋषिकांत चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य केंद्र मार्ग पर विद्युत पोल लगाने की मांग रखी।
उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह,तहसीलदार नेहा सचान व अन्य अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

Please follow and like us:
Pin Share