गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने से आम लोग परेशान, सपा कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर रोटियां बनाकर किया गैस की किल्लत का विरोध

इटावा। गैस किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर के सबसे व्यस्त शास्त्री चौराहे पर दो दर्जन से अधिक समाजवादियों ने खाली गैस सिलेंडर रखकर लकड़ी का चूल्हा जलाया और उसी पर रोटियां बनाकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि गैस की आपूर्ति न होने से आम लोग परेशान है। सरकार को तुरंत व्यवस्था सुधारनी चाहिए। गैस की कमी की खबरों के बीच समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शनिवार को शहर के शास्त्री चौराहे पर एकत्र हुए उन्होंने खाली गैस सिलेंडर के साथ लकड़ी का चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं और गैस संकट को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से आम लोगों के सामने खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनें लग रही हैं और लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। इसके कारण घरों में खाना बनाने में दिक्कत आ रही है। समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि सरकार को इस समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। समाजवादी महिला मोर्चा की नेता मालती यादव ने कहा कि कई घरों में गैस सिलेंडर खत्म हो चुका है और लोग खाना तक नहीं बना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं पति और बच्चों को समय पर खाना नहीं दे पा रही हैं जिससे घरों में झगड़े की स्थिति बन रही है। अगर ऐसी स्थिति में परिवारों में विवाद या तलाक जैसी नौबत आती है तो इसके लिए देश के मुखिया जिम्मेदार होंगे, क्योंकि गैस की आपूर्ति ठीक से नहीं हो रही है। सरकार लगातार दावे कर रही है लेकिन जमीनी हकीकत अलग है। गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लगी हुई है और सिलेंडर के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।

Please follow and like us:
Pin Share