सैफई -भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण केंद्र सैफई में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम (6 से 8 मार्च) का आयोजन किया गया। इसमें एस.एस. मेमोरियल स्कूल सैफई की छात्राओं और प्रशिक्षुओं ने भाग लेकर विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागियों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए योग और टीम गेम्स आयोजित किए गए। प्रशिक्षकों ने बालिकाओं और महिलाओं को नियमित व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
दूसरे दिन स्ट्रॉन्ग वुमेन, स्ट्रॉन्ग नेशन” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई की कबड्डी कोच मीतू सिंह, एस.एस. मेमोरियल स्कूल सैफई के प्रधानाचार्य एस.एन. यादव तथा एसटीसी सैफई के केंद्र प्रभारी मुकेश बेनवाल ने बालिकाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भरता, स्वयं सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही संविधान में मिले अधिकारों से अवगत कराते हुए भविष्य में हर क्षेत्र में आगे बढ़कर भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।तीसरे दिन रविवार साइकिलिंग अभियान के तहत बालिकाओं और महिलाओं ने फिट इंडिया साइकिल रैली निकाली। रैली मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होकर अस्पताल चौराहा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, किसान बाजार, तहसील, मेडिकल कॉलेज और एस.एस. मेमोरियल स्कूल होते हुए पुनः स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली को मीतू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” और “स्ट्रॉन्ग वुमेन, स्ट्रॉन्ग नेशन” के नारे लगाए गए। रैली में करीब 35 बालिकाओं और महिलाओं ने भाग लिया।केंद्र प्रभारी ने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र सैफई द्वारा प्रत्येक रविवार को साइकिल रैली आयोजित की जाती है, जिसका उद्देश्य लोगों को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
सैफई मे महिला दिवस पर तीन दिवसीय कार्यक्रम

