अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला गोष्ठी व होली मिलन समारोह का किया आयोजन

इटावा-स्वस्थ, समर्थ और संस्कारित समाज बनाने को संकल्पित भारत विकास परिषद तुलसी द्वारा महिलाओं में जागरूकता के आशय से महिला सशक्तिकरण व स्वावलंबन विषय पर आधारित एक महिला गोष्ठी का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर होली मिलन समारोह के साथ तुलसी सदस्य शशि दीक्षित के अलकापुरी स्थित आवास पर हर्षोल्लास से आयोजित किया गया।
परिषद की प्रांतीय महिला संयोजिका स्नेहलता उमराव एवं शाखा अध्यक्ष डॉ कैलाश चन्द्र यादव ने सदस्यों के सहयोग से भारत माता के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलन व वंदेमातरम गीत के साथ इस कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। आयोजित हुई इस महिला गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्नेहलता उमराव ने कहा कि आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुष से पीछे नहीँ है। आपको आगे आने के लिये शिक्षित होना और परिवार का सहयोग लेना बहुत जरूरी है। बालिकाओं की शिक्षा उन्हें स्वावलम्बी बनाने के लिए अति आवश्यक है साथ ही युवा पीढ़ी को संस्कारित किए जाने में हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे तभी समाज में महिलाओं की बराबर की भागीदारी हो सकेगी।
नीलिमा चौधरी ने कहा कि आज की नारी अबला नहीं बल्कि सबला हैं समाज में मातृशक्ति के उत्थान एवं उन्हें रोजगार से जोड़ने हेतु विभिन्न संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना हमारा प्रथम दायित्व हैं। डॉ कैलाश चन्द्र यादव ने कहा कि हर स्त्री में एक देवी का वास है, जब वह शिक्षा देती है, संस्कार देती है, और अन्याय के खिलाफ खड़ी होती है, तब वह शक्ति स्वरूपा बन जाती है।
वरिष्ठ सदस्य प्रीतम खन्ना ने कहा कि आज बहन, बेटियों की सुरक्षा के लिए बेटियों के साथ ही बेटों को भी हमें संस्कारित करने की जरूरत है पूर्ण संस्कारित समाज में मातृशक्ति को स्वतः ही सम्मान मिल जाएगा।कार्यक्रम संयोजक शशि दीक्षित ने आज की नारी की समाज में सशक्तिकरण की स्थिति को अपने गीत द्वारा व्यक्त किया
“नारी की महिमा है अनंत,
सब वेद पुराण बताते हैं।
धरती अम्बर औ दिग दिगंत,
गुणगान उसी का गाते हैं।
करते हैं कोटि कोटि नमन उसे,
सब नतमस्तक हो जाते हैं।
बहना कहते बेटी कहते,
माँ कहकर उसे बुलाते हैं।
यह दिवस उसी के नाम चलो ,
आज उत्सव रूप में मनाते हैं”।इस महिला गोष्ठी को उपस्थिति अन्य सदस्यों में शमीम बेगम, अशोक अग्निहोत्री, डॉ ध्रुव कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों ने भी सम्बोधित किया।
इस गोष्ठी के बाद तुलसी की वार्षिक बैठक आहूत हुई जिसमें सर्वसम्मति से आगामी वर्ष के लिए वर्तमान दायित्वधारियों का चयन हुआ जिसमें डॉ कैलाश चन्द यादव को अध्यक्ष, डॉ ध्रुव कुमार गुप्ता को सचिव एवं श्रीमती मौसमी पाल को कोषाध्यक्ष के दायित्व पद हेतु चयन किया गया साथ ही शमीम बेगम उपाध्यक्ष शशि दीक्षित सह सचिव हेतु मनोनीत हुए। इसी माह के अन्त तक सभी सदस्यों की सदस्यता एकत्रित करने हेतु टीम बनाई गई और दायित्वगृहण कराए जाने पर भी सभी की सहमति बनी।
अन्त में सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर होली मिलन समारोह फाग गीत के साथ एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर और शुभकामनाएं देते हुए मनाया। तुलसी द्वारा आयोजित इस उत्सव को सफलतापूर्वक आयोजित किए जाने में मुख्य रूप से अनीता वर्मा, मंजू सिंह, आशा अग्निहोत्री, रंजना तिवारी, संगीता सिंह, रामदुलारी, नीता तिवारी, नीलिमा चौधरी शमीम बेगम, मौसमी पाल, शशि दीक्षित, अंजू चौधरी एवं पंकज कुमार सिंह चौहान सहित अन्य तुलसी सदस्यों की गरिमापूर्ण उपस्थिति रही।

Please follow and like us:
Pin Share