ग्वालियर, 23 फरवरी । फस्ट क्राय प्री स्कूल, गोविंदपुरी द्वारा आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘एवरग्रीन चैम्प’ हर्ष, उमंग और उत्साह के साथ प्ले ग्राउंड में संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर के समाजसेवी एवं जैन समाज के प्रवक्ता ललित जैन ‘भारती’ तथा जानी-मानी काउंसलर एवं सायकोलॉजिस्ट डॉ. याशी जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के आत्मीय स्वागत से हुआ। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक मार्च पास्ट एवं ओपनिंग ड्रिल प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके पश्चात बटरफ्लाई रेस, फ्रूट बास्केट रेस, टर्टल शेल रेस, कैरेट हंट रेस, फ्रॉग जंप रेस, ड्रैगन रन रेस और मंकी रेस जैसी रोमांचक प्रतियोगिताओं ने पूरे परिसर को उत्साह से भर दिया।
अभिभावकों के लिए भी बलून वॉक सहित विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिससे कार्यक्रम में पारिवारिक सहभागिता और आनंद का वातावरण बना रहा। रंग-बिरंगी सजावट, बच्चों की खिलखिलाहट और तालियों की गूंज ने विद्यालय परिसर को उत्सव में बदल दिया।
मुख्य अतिथियों ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि खेलकूद गतिविधियाँ बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षिकाओं की समर्पित कार्यशैली की सराहना करते हुए इस आयोजन को अत्यंत सफल बताया।
प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, वहीं सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अभिभावकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रिंसिपल मोनिका सक्सेना ने अतिथियों, अभिभावकों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘एवरग्रीन चैम्प’ वास्तव में नन्हे कदमों के आत्मविश्वास, ऊर्जा और खेल भावना का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया।
नन्हे कदमों की जोशभरी उड़ान: ‘एवरग्रीन चैम्प’ में गूंजा खेल और उल्लास का संगम

