कस्तूरबा न्यास भवन, कंपू में स्वावलम्बी मेले का गरिमामय समापन, महिलाओं के आत्मनिर्भर भविष्य का संकल्प

ग्वालियर। कस्तूरबा न्यास भवन, कंपू में आयोजित स्वावलम्बी मेले का रविवार दोपहर गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वे पूर्व में भी ट्रस्ट के कार्यक्रमों में शामिल हो चुकी हैं। कस्तूरबा न्यास द्वारा महिलाओं और बेटियों को स्वावलम्बी एवं सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जो कार्य किए जा रहे हैं, वे अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है और वे हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगी।
मुख्य वक्ता रामेंद्र सिंह, जो मध्यप्रदेश रेडक्रॉस सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी एवं अखिल भारतीय सेवा भारतीय के संपर्क प्रमुख हैं, ने कहा कि वे देशभर में अनेक स्वावलम्बी संस्थानों का कार्य देख चुके हैं, किंतु कस्तूरबा न्यास द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए किया जा रहा प्रयास अपने आप में अद्भुत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज जो नवाचार के रूप में विकसित हो रहा यह प्रयास, भविष्य में वटवृक्ष बनकर खड़ा होगा और नानाजी देशमुख तथा दीनदयाल संस्थान जैसे प्रतिष्ठित संगठनों के समकक्ष पहुंचेगा।
विशिष्ट अतिथि नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष अतुल अधोलिया ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार प्रारंभ करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए बैंक हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। वहीं लघुउद्योग भारती की सचिव प्रियंका कुशवाह ने कहा कि उनकी संस्था हर कदम पर न्यास के साथ है। वे समय-समय पर स्वयं उपस्थित होकर महिलाओं को मार्गदर्शन देंगी तथा संबंधित विभागों के माध्यम से शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास करेंगी।
ट्रस्टी मीना सचान एवं मनीषा इन्द्रपुरकर द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र के अंतर्गत नए कार्य प्रारंभ करने की घोषणा भी की गई, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
सभी अतिथियों ने प्रबंध न्यासी जगदीस प्रसाद शर्मा एवं समस्त न्यासियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। डॉ. श्रीप्रकाश लोहिया ने कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया।
मेले में स्वावलम्बी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिन पर नागरिकों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की। इस अवसर पर विभाग संघ चालक प्रह्लाद सबनानी, यशवंत इन्द्रपुरकर, पूर्व डीएसपी राजेन्द्र घुरैया, पूर्व अधीक्षक जेएएच डॉ. अशोक मिश्रा, जयश्री चौहान, डॉ. संदीपा मलहोत्रा, प्रीति तोमर, प्रीति चौबे, गिर्राज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत संदेश दिया

 

Please follow and like us:
Pin Share