जलालपुर (फिरोजाबाद)-प्राचीन तीर्थ क्षेत्र श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर,जलालपुर में जैन समाज के लिए अत्यंत पावन अवसर पर भगवान पद्मप्रभ स्वामी का निर्वाण लाडू महोत्सव एवं शांतिनाथ विधान श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह आयोजन श्री 105 समकित श्री माता जी के समाधि दिवस के पावन अवसर पर कराया गया, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालुओं ने भाग लिया।धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन मुरैना से पधारे विधानाचार्य पं. मनोज शास्त्री के सान्निध्य में हुआ। कार्यक्रम के निर्देशक रमेश चंद भगत रहे, जबकि सह-विधानाचार्य प्रफुल्लित जैन ने विधानों को विधिवत रूप से संपन्न कराया।प्रातःकाल से ही जिनालय परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शांतिनाथ विधान में श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ आहुतियाँ अर्पित कीं और भगवान से विश्व शांति, समाज की उन्नति एवं सद्भाव की कामना की। पद्मप्रभ भगवान के निर्वाण लाडू महोत्सव के अवसर पर विशेष पूजन, अर्घ्य समर्पण एवं भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।इस पावन आयोजन के आयोजक अजय कुमार जैन, ममता जैन, अंकित जैन, अंकिता जैन, अभिषेक जैन एवं अनिकेत जैन रहे। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को जैन संस्कृति, अहिंसा और आत्मशुद्धि के मार्ग की प्रेरणा मिलती है।कार्यक्रम के दौरान भक्ति संगीत, मंगल आरती एवं सामूहिक जाप से जिनालय परिसर गूंज उठा। बड़ी संख्या में समाजजनों, महिलाओं एवं युवाओं ने कार्यक्रम में सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भगवान पद्मप्रभ स्वामी एवं शांतिनाथ भगवान के चरणों में नमन कर आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों एवं विधानाचार्यों का आभार व्यक्त किया।
फिरोजाबाद के जलालपुर मंदिर मे पदमप्रभु भगवान का हर्षोल्लास के साथ चढाया निर्वाण लड्डू

