इटावा-77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपद इटावा में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख अभियान मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सहभागिता, सम्मान एवं सशक्तिकरण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।
परेड में कुल 8 टोलियों में से 4 टोलियां महिला रिक्रूट आरक्षी पुलिस बल की रहीं, जिससे महिला–पुरुष समान सहभागिता का सशक्त संदेश दिया गया। परेड का नेतृत्व महिला क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से सहायता लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बालिकाओं एवं महिलाओं को सम्मानित किया गया।ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महिलाओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलाई गई।पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गणतंत्र दिवस पर मिशन शक्ति का सशक्त प्रदर्शन

