Headlines

अवैध शराब के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, पांच प्रकरण दर्ज लद्देड़ी, मामा का बाजार एवं डबरा क्षेत्र में दी दबिश, लगभग 45 लीटर मदिरा जब्त

ग्वालियर, 31 अक्टूबर 2026/ जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने लद्देड़ी, मामा का बाजार एवं डबरा क्षेत्र में कार्रवाई की। मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर की गई इस कार्रवाई में लगभग 45 लीटर मदिरा जब्त की गई, जिसका अनुमानित मूल्य 12 हजार रुपए है। आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 के तहत कुल पांच प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं आबकारी उपायुक्त, ग्वालियर संभाग श्री संदीप शर्मा के आदेशानुसार तथा सहायक आबकारी आयुक्त, जिला ग्वालियर श्री राज नारायण सोनी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
डबरा क्षेत्र में नहर की पार, महाराजपुर की पुलिया के पास एक महिला से मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त हाथ भट्टी मदिरा के 141 पाउच बरामद किए गए। इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 49-क के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया।
लद्देड़ी क्षेत्र में शिवचरण बाथम के मकान से 27 पाव तथा मक्खन बाथम के मकान से 20 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई। इसके अलावा लद्देड़ी स्थित अपना ढाबा से छह पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। इन मामलों में धारा 34(1) के तहत कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार मामा का बाजार क्षेत्र में राम बाबू कुशवाहा से 10 पाव देशी मदिरा प्लेन एवं 28 पाव मदिरा मसाला जब्त कर धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
आज की कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत चार तथा धारा 34(1) एवं 49-क के तहत एक, इस प्रकार कुल पांच प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। कार्रवाई में कंट्रोल रूम प्रभारी श्री राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, वृत्त उपनिरीक्षकों एवं विभागीय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Please follow and like us:
Pin Share