Headlines

सफारी पार्क में वन्यजीवों के स्वास्थ्य को लेकर बनी विशेषज्ञ समिति

इटावा। इटावा सफारी पार्क में शनिवार को वन्यजीवों के स्वास्थ्य को लेकर गठित स्वास्थ्य परामर्श समिति (हेल्थ एडवाइजरी कमेटी) की प्रथम बैठक आयोजित की गई। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की गाइडलाइन के अनुसार चिड़ियाघरों एवं सफारी में इस प्रकार की समिति का गठन आवश्यक है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव, उत्तर प्रदेश से समिति के अनुमोदन के बाद सफारी पार्क में इसकी पहली बैठक हुई। अध्यक्षता सफारी पार्क के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने की। समिति का मुख्य उद्देश्य सफारी में रह रहे वन्यजीवों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के प्रभावी निस्तारण के साथ-साथ उनके लिए उपयुक्त उपचार पद्धति (लाइन ऑफ ट्रीटमेंट) के संबंध में विशेषज्ञ सुझाव उपलब्ध कराना है।
बैठक में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, इज्जतनगर, बरेली के निदेशक के प्रतिनिधि डॉ. ए.के. पावड़े, पं. दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा एवं गौ अनुसंधान विश्वविद्यालय, मथुरा के डीन के प्रतिनिधि डॉ. अनुज कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी,तथा आगरा भालू संरक्षण केंद्र के वेटरनरी ऑफिसर डॉ. इलैया राजा ने सदस्य के रूप में प्रतिभाग किया।इसके अलावा डॉ. जे.एल. सिंह, प्रोफेसर मेडिसिन विभाग, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, पंतनगर; डॉ. आर.के. सिंह, संयुक्त निदेशक, गायनेकोलॉजी, उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग, लखनऊ; डॉ. आर.पी. पाण्डेय, सेवानिवृत्त प्रोफेसर, सर्जरी विभाग, पं. दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा एवं गौ अनुसंधान विश्वविद्यालय, मथुरा तथा डॉ. ए.बी. श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त प्रोफेसर, नानाजी देशमुख वेटरनरी साइंस यूनिवर्सिटी, जबलपुर ने विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में सहभागिता की।
समिति के सदस्य सचिव एवं सफारी पार्क में तैनात वन्यजीव चिकित्सक डॉ. रोबिन सिंह ने सफारी पार्क में रह रहे वन्यजीवों के स्वास्थ्य से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की। रिपोर्ट पर समिति के विशेषज्ञ सदस्यों ने चर्चा करते हुए वन्यजीवों के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन, उपचार एवं देखभाल को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

Please follow and like us:
Pin Share