दतिया। मंगलवार 10 अगस्त को रास -जेबी स्कूल,श दतिया के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ पुलिस थाना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी एवं स्टाफ द्वारा विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस थाने की कार्यप्रणाली से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थाना परिसर के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कराया गया तथा एफआईआर पंजीयन, शिकायतों के निराकरण, विवेचना, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन पुलिस सहायता एवं पुलिस के दैनिक कार्यों के संबंध में सरल एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर न करने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल शिकायत करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनों एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर विद्यार्थियों को डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा आपातकालीन सहायता हेतु 112 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका संतोषजनक उत्तर दिया गया। सभी विद्यार्थियों ने पुलिस के कार्यों को निकट से देखकर उत्साह व्यक्त किया तथा समाज में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका को समझा।पुलिस थाना कोतवाली द्वारा भविष्य में भी विद्यार्थियों एवं आमजन को कानून, साइबर सुरक्षा एवं जनजागरूकता से संबंधित ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
दतिया रास -जेबी स्कूल के विद्यार्थियों ने किया पुलिस थाना कोतवाली का शैक्षणिक भ्रमण

