Headlines

सनातन धर्म इंटर कॉलेज में चित्रकला कार्यशाला का समापन, 110 प्रशिक्षुओं ने प्रदर्शित की प्रतिभा

इटावा-उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ एवं सनातन धर्म इंटर कॉलेज, के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सृजन श्रृंखला’ के अंतर्गत चित्रकला कार्यशाला का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यशाला में 110 प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग किया। मुख्य प्रशिक्षक वीरेंद्र जैन ने प्रतिभागियों को चित्रकला की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अतिथियों एवं शिक्षकों ने सराहा।
समापन समारोह का शुभारंभ प्रधानाचार्य संजय कुमार शर्मा, वरिष्ठ चित्रकार मयूरी जैन, प्रशिक्षक वीरेंद्र जैन एवं शिक्षकों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। प्रधानाचार्य संजय कुमार शर्मा ने कहा कि इस कार्यशाला से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरी है और उन्हें चित्रकला के क्षेत्र में करियर की नई संभावनाओं की प्रेरणा मिली है। उन्होंने संस्थान के निदेशक अतुल द्विवेदी का आभार भी व्यक्त किया।
वरिष्ठ चित्रकार मयूरी जैन ने बच्चों की कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा को सही दिशा देकर उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। वहीं प्रशिक्षक वीरेंद्र जैन ने कहा कि बच्चों का उत्साह, समर्पण और रचनात्मकता भारतीय चित्रकला के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य स्मिता यादव, अखिलेश कुमार शुक्ला, प्रियंक मिश्र, मिथलेश जैन, प्रीति कुशवाह, नंदनी, मनोज सिंह एवं फूल सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। समापन पर सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। प्रशिक्षुओं ने अपने हाथों से बनाई गई पेंटिंग्स अतिथियों को भेंट कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Please follow and like us:
Pin Share