जसवंतनगर। तहसील दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील परिसर में आयुष विभाग की ओर से “आयुष आपके द्वार” स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद की सभी तहसीलों में एक साथ लगाए गए शिविर के तहत तहसील में भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ जि़लाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल द्वारा किया गया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे शिविर में अधिक से अधिक संख्या में आकर स्वस्थ लाभ उठाएं। इस दौरान डॉ. शीलेन्द्र सिंह, आयुष चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।
शिविर में 100 से अधिक मरीजों की जांच की गई। लोगों को आयुर्वेद एवं अन्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम में ज़िला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) नरेन्द्र कुशवाहा, 15 शैय्या आयुष चिकित्सालय, के फार्मासिस्ट, योग प्रशिक्षक, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय एवं अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग किया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आमजन को उनके घर के नजदीक बेहतर आयुष स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा समय पर रोगों की पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना है।
तहसील दिवस पर लगा ‘आयुष आपके द्वार’ स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

