ग्वालियर – कलेक्टर ग्वालियर श्रीमती रुचिका सिंह चौहान के निर्देशन में स्वास्थ्य योजनाओं का बेहतर संचालन किया जा रहा है। लगातार बदलते मौसम के कारण मौसमी बीमारियों तथा सर्पदंश की आशंका को बढ़ती को देखते हुए सीएमएचओ ग्वालियर डॉ.एम. एस. सागर ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता एवं संयम बरतने की अपील की है। डॉ.एम. एस. सागर ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान जलजनित एवं मच्छर जनित रोगों के साथ-साथ सर्पदंश की घटनाओं में भी वृद्धि की संभावना रहती है। ऐसे में नागरिक अपने घर एवं आस-पास साफ-सफाई बनाए रखें, स्वच्छ एवं उबला हुआ अथवा सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें तथा भोजन को ढककर रखें। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी, रिपेलेंट एवं पूर्ण आस्तीन के कपड़ों का उपयोग करें तथा घरों के आसपास पानी का जमाव न होने दें।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से विशेष सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए कहा कि खेतों, झाड़ियों या अंधेरे स्थानों पर जाते समय मजबूत जूते एवं पर्याप्त रोशनी का उपयोग करें। यदि किसी व्यक्ति को सर्पदंश हो जाए तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के भरोसे समय न गंवाएं, बल्कि पीड़ित को तुरंत नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र या जिला चिकित्सालय पहुंचाकर चिकित्सकीय उपचार कराएं।
सीएमएचओ डॉ.एम. एस. सागर ने बताया कि जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों एवं सर्पदंश उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार के बुखार, उल्टी-दस्त, सर्दी-खांसी अथवा अन्य मौसमी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल चिकित्सक से परामर्श लें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करें।

