इटावा। शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पक्का बाग स्थित पीएनबी बैंक के पास बुधवार दिन में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कानपुर की ओर से आ रही एक बेकाबू कार ने ऑटो रिक्शा में सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालपुरा तिराहे निवासी चन्द्रशेखर शर्मा (40 वर्ष) अपने पिता राजीव कुमार शर्मा के साथ ऑटो रिक्शा से जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उनके ऑटो को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चन्द्रशेखर शर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके पिता राजीव कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल राजीव कुमार शर्मा, जो स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।परिजनों के अनुसार, राजीव शर्मा ने कुछ समय पूर्व ही अपने पुत्र के रोजगार के लिए बैंक से ऋण लेकर कोल्ड ड्रिंक सप्लाई हेतु ऑटो रिक्शा खरीदा था। लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले में शोक की लहर व्याप्त है।
पक्का बाग में दर्दनाक सड़क हादसा, ऑटो सवार पुत्र की मौत, पिता गंभीर

