इटावा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन एवं कांग्रेस का झंडा जलाए जाने को लेकर गुस्साए कांग्रेसियों ने ज़िला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित के नेतृत्व में एसएसपी कार्यालय के बाहर लोकतांत्रिक तरीक़े से अपना कड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा के संबंधित दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज़ कराने हेतु एसएसपी को सौंपा दिया।
ज्ञापन में स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया गया है कि जब से महिला आरक्षण संशोधन विधेयक सदन में गिरा है तब से भाजपाई इस निरर्थक सारहीन मुद्दे को हवा देते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन और कांग्रेस का झंडा जला रहे हैं जो संवैधानिक और कानूनी तौर पर सरासर ग़लत है क्योंकि राहुल गांधी सिर्फ़ कांग्रेस के ही नहीं अपितु इस देश के नेता प्रतिपक्ष भी हैं और सदन में प्रधानमंत्री के बाद दूसरे बड़े नेता हैं। उनकी अपनी एक अलग गरिमा है। कांग्रेस द्वारा यह क़दम इसलिए उठाया जा रहा है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से राहुल गांधी का पुतला दहन एवं पार्टी का झंडा जलाया है उससे जनता के बीच झूठ, भ्रम और नफरत फैलने के कारण आपस में दंगा फसाद की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। जिससे सामाजिक समरसता का माहौल बिगड़ सकता है चूंकि राहुल गांधी एक लोकप्रिय नेता हैं उनके विरुद्ध ऐसा कृत्य संवेदनशील मुद्दा बन सकता है। इसको रोकने के लिए भाजपा के दोषी पदाधिकारीयों एवं कार्यकर्ताओं के विरुद्ध एफ़आईआर दर्ज करके कार्रवाई करें अन्यथा संपूर्ण देश में कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी के सम्मान में आंदोलन करने को बाध्य होगी। भाजपा सदैव घृणा-द्वेष की राजनीति करती आई है किंतु कांग्रेस पार्टी इसको सफ़ल नहीं होने देगी।
विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपने वालों में शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे, कोमल सिंह कुशवाहा, अरुण यादव, प्रशांत तिवारी, शौजब रिज़वी, रणवीर सिंह यादव, रमेश यादव, डॉ. जितेंद्र यादव, रन सिंह गोयल, सुमित कुमार, दीक्षा शुक्ला, प्रदीप द्विवेदी, राकेश कुमार, अमन तिवारी, शिवा यादव सहित तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राहुल गांधी का पुतला दहन करने से कांग्रेसी नाराज,एसएसपी को दिया ज्ञापन

