कार-बाइक की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत

इटावा- भरथना तहसील अंतर्गतभरथना-बकेवर मार्ग पर ग्राम मोढी के समीप गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार कार तथा बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कन्हैया पोरवाल तथा आकाश सविता निवासी महावीर नगर की जान चली गई।भरथना पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है,तथा‌ शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।कार सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ जारी है,तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई ।गुरुवार दोपहर को कन्हैया पोरवाल अपने मित्र आकाश सविता के साथ लखना रिश्तेदारी में गए थे। दोपहर में खाना खाने के बाद दोनों बाइक से भरथना लौट रहे थे। जैसे ही वह मोढी गांव के पास पहुंचे, सामने से तेज गति से आ रही सफेद रंग की कार ने लापरवाही से उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार लगभग 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक लगभग 15 फीट तक हवा में उछल गए,तथा कार की छत से टकराकर सड़क पर गिरे।हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया है कि दोनों लोगों ने हेलमेट नहीं पहना रखा था । घटना की सूचना मिलते ही कन्हैया पोरवाल के पिता अरुण पोरवाल मौके पर पहुंचे,तथा दोनों की पहचान की। उन्होंने बताया कि वह कस्बे के मुख्य चौराहे पर हलवाई का ठेला लगाते हैं, जिसमें कन्हैया उनका हाथ बंटाता था। समय मिलने पर वह एक सर्राफा की दुकान पर भी काम करता था। तथा आकाश सविता नाई का काम करता था, और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। हादसे की खबर मिलते ही मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। आकाश के भाई चंदन तथा पिता सहित अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वही कन्हैया की मां संतोषी देवी तथा भाई मोहित समेत पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी भरथना रामदबन मौर्य तथा थाना प्रभारी भरथना विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। भरथना पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।।

Please follow and like us:
Pin Share