भिण्ड 22 फरवरी 2026/ मध्य प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने विधानसभा क्षेत्र मेहगांव की ग्राम पंचायत मेघपुरा में खण्डस्तरीय ‘संकल्प से समाधान अभियान’ के अंतर्गत एक अनूठा शिविर और ग्रामसभा का आयोजन किया। यह उनकी सराहनीय पहल का दूसरा चरण था, जो क्षेत्रवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। यह आयोजन ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक पहुंच को मजबूत करने का प्रतीक बना।
शिविर का शुभारंभ मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने मेघपुरा के प्राचीन जगन्नाथ मंदिर में भगवान की पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह नरवरिया, अपर कलेक्टर श्री एल.के. पाण्डेय, एसडीएम मेहगांव श्री नवनीत शर्मा, सीएमएचओ भिण्ड, सीईओ जनपद मेहगांव, एसडीओपी मेहगांव सहित विभिन्न विभाग अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
खण्ड स्तरीय शिविर में मंत्री श्री शुक्ला ने आमजन की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और विभिन्न विभागों से जुड़े शिकायती आवेदन प्राप्त किए। इनमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत तथा महिला बाल विकास विभाग शामिल थे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हो और उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने खण्ड स्तरीय शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि लोग विभागों के चक्कर न लगाएं, बल्कि अधिकारी उनके द्वार पर पहुंचकर समस्याओं का निपटारा करें। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा का उल्लेख कर कहा कि हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान चौपालों के माध्यम से ही होगा। आंगनवाड़ी एवं सामुदायिक भवन निर्माण के लिए अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, ग्रामीणों से अपील कर कहा कि सड़कों पर पशु बांधना या सामान रखकर अतिक्रमण न करें, ताकि आने-जाने वालों को असुविधा न हो।
मंत्री श्री शुक्ला की पहल के सकारात्मक परिणाम
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला द्वारा खण्ड स्तरीय संकल्प से समाधान शिविर साप्ताहिक रूप से एक गांव में आयोजित हो रहा है, जिसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। समस्याओं को सुनने के कुछ ही दिनों में उनका निराकरण हो रहा है, जो जन-केंद्रित शासन की मिसाल है। मंत्री श्री शुक्ला की यह पहल ग्रामीणों में उत्साह भर रही है और प्रशासनिक दूरी को कम कर रही है। इससे न केवल स्थानीय मुद्दे हल हो रहे हैं, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

