भिण्ड 22 फरवरी 2026/ कलेक्टर भिण्ड एवं अभिहित अधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुश्री रेखा सोनी एवं श्रीमती रीना बंसल द्वारा मौ स्थित लल्लू सिंह परिहार निवासी ग्राम तारौली की डेयरी पर तैयार हो रहे मिलावटी मावा पर कार्यवाही की गई। डेयरी पर तीन टीन रिफाइण्ड पामोलिन ऑयल, 10 किग्रा. ड्रायड ग्लूकोज पाउडर, तीन टीन घी, 50 किग्रा. मावा एवं एक क्विंटल दूध संग्रहित पाया गया। डेयरी पर दूध से क्रीम निकालकर दूध में रिफाइंड पामोलिन ऑयल एवं ग्लूकोज पाउडर मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। डेयरी संचालक लल्लू सिंह परिहार पर खाद्य लाइसेंस भी नहीं मिला। अवैध रूप से संचालित डेयरी से दूध, मावा, रिफाइंड पामोलिन ऑयल एवं ग्लूकोज पाउडर के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत् लिए गए। उक्त सामग्री को जप्त किया गया, एवं डेयरी संचालन बंद कराया गया।
मौ स्थित रघुराज डेयरी ग्राम खेरियाचांद से मावा एवं सावित्री डेयरी से मावा का नमूना जांच वास्ते लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की मिलावटखोरों पर कार्यवाही निरंतर जारी

