भिण्ड 09 अक्टूबर 2025/ मध्य प्रदेश शासन पशुपालन एवं डेयरी विभाग का अति महत्वपूर्ण कार्यक्रम दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान दिनांक 02 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ होकर दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को पूर्ण हुआ। इस अभियान के तहत आज उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ एस.एस. राठौर, जिला नोडल अधिकारी डॉ. स्वदेश थापक एवं सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी श्री रिपुदमन सिंह यादव ने ग्राम दीनपुरा में पशुपालक श्री सूरतराम सिंह यादव के यहाँ निरीक्षण किया। इस मौके पर जनपद पंचायत भिण्ड की अध्यक्ष श्रीमती सरोज बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहीं। श्री सूरतराम सिंह एक उन्नत पशुपालक हैं जिनके पास लगभग 40 दुधारू पशु हैं, इनको नस्ल सुधार कार्यक्रम के लाभ, पशुपोषण से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लाभ एवं पशु स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। इसी क्रम में भिण्ड नगरपालिका क्षेत्र में भी वार्ड क्रमांक 30 के निवासी श्री सुनील कुशवाह एवं राहुल शर्मा के यहाँ भी दल द्वारा निरीक्षण एवं चर्चा की गई। इस अवसर पर भिण्ड नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा बाल्मीक विशेष रूप से उपस्थित हुईं।
उप संचालक पशुपालन विभाग भिण्ड डॉ. एस.एस. राठौर ने बताया कि इस पांच दिवसीय अभियान के अन्तर्गत भिण्ड जिले के 6 विकासखण्ड के 4517 बड़े पशुपालकों से व्यक्तिगत रूप से घर पहुँच कर विभाग के अधिकारियों ने सम्पर्क किया है। अभियान से संबंधित समस्त जानकारी एप के द्वारा ऑनलाईन संधारित की गई है। अभियान से समस्त पशुपालक उत्साहित एवं प्रोत्साहित हुये हैं एवं निश्चित रूप से अभियान के सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में मिलेंगे।
दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान हुआ संपन्न
