मुरैना। आदिनाथ दिगम्बर जैन ज्ञानतीर्थ, मुरैना में वार्षिक महामस्तकाभिषेक महोत्सव रविवार 14 सितम्बर 2025 को बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जाएगा। ज्ञानतीर्थ क्षेत्र समिति के अध्यक्ष योगेश जैन (खतोली वाले, दिल्ली),विजय जैन (मुरैना) ने बताया कि दसलक्षण पर्व की समापन बेला पर यह आयोजन ज्ञान तीर्थ के प्रणेता समाधिस्थ संत आचार्यश्री ज्ञानसागरजी की प्रेरणा एवं,
आचार्यश्री ज्ञेयसागरजी, आचार्यश्री आर्जवसागरजी महाराज सहित जैन साध्वी स्वति भूषण माता जी,आर्यिका आर्षमति माताजी, आर्यिकाश्री सुज्ञानमति माताजी, आर्यिकाश्री दयामति माताजी के आशीर्वाद एवं मुनिश्री विलोकसागरजी एवं मुनिश्री विबोधसागरजी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा,
महोत्सव का शुभारंभ दोपहर 1 बजे मांगलिक कार्यक्रम से होगा। इसके बाद 2 बजे मंगलाचरण, 3 बजे भक्तामर दीप अर्चना, 4 बजे मुनि उद्बोधन और 4:30 बजे भगवान आदिनाथ स्वामी का महामस्तकाभिषेक सम्पन्न किया जाएगा। आयोजन का मंगल निर्देशन आचार्यश्री ज्ञानसागरजी महाराज की शिष्या ब्रह्मचारिणी बहन मंजुला दीदी करेंगी। प्रतिष्ठाचार्य संजय जैन शास्त्री (सिहोनिया वाले) सभी धार्मिक अनुष्ठानों को मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न कराएंगे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुनील कुमार जैन (डीआईजी, चंबल रेंज) रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भूपेन्द्र जैन और जिनेश जैन उपस्थित रहेंगे। ध्वजारोहण का सौभाग्य रूपेश जैन (चांदीवाले, आगरा) और मुकेश जैन (कोलतार वाले, आगरा) को मिलेगा। प्रथम कलश का सौभाग्य दिल्ली निवासी वकील चंद जैन परिवार (नीरज, पंकज, राजीव) को प्राप्त होगा। दीप प्रज्ज्वलन योगेश जैन (खतोली), आनंद जैन (दिल्ली) और अनिल शाह (ग्वालियर) करेंगे। चित्र अनावरण अजीत जैन (आगरा), राजकुमार गुड्डू (आगरा) और संजय जैन (आगरा) करेंगे।
महोत्सव के धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बनाने हेतु भजन गायक मनीष जैन एंड पार्टी विशेष प्रस्तुति देंगे। मंच संचालन का दायित्व संजय जैन शास्त्री निभाएंगे। आयोजन में पुनीत जैन वरैया को मुख्य संयोजक और अनिल जैन वरैया को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। स्वागत अध्यक्ष महेश चंद जैन (ठेकेदार, मुरैना) और स्वागत मंत्री प्रेमचंद जैन (वंदना साड़ी, मुरैना) रहेंगे।
मुख्य संयोजक ने बताया कि इस अवसर पर ऋद्धि कलश विशेष आकर्षण रहेगा,प्रथम पाँच कूपन लकी ड्रॉ द्वारा खोले जाएंगे और चयनित श्रद्धालुओं को स्मृतिस्वरूप कलश भेंट किए जाएंगे।
ज्ञात रहे कि संपूर्ण भारतवर्ष से सैकड़ों की संख्या में गुरुभक्तों के आगमन की संभावना है। इसी को देखते हुए आवास और भोजन की सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं। ज्ञानतीर्थ क्षेत्र समिति, महाआराधक परिवार और सकल जैन समाज मुरैना ने साधर्मी बंधुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर को सफल बनाने की अपील की है।