Headlines

अम्बाह जैन समाज ने खोया अपना भीष्म पितामह, 92 वर्ष की उम्र में सुमतिचंद जैन का निधन

मुरैना/अम्बाह (मनोज जैन नायक)। अम्बाह जैन समाज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं मार्गदर्शक सुमतिचंद जैन (बरबाई वाले) का 92 वर्ष की आयु में विगत दिवस निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके देवलोकगमन की खबर से अम्बाह सहित सम्पूर्ण जैन समाज और सामाजिक जगत में शोक व्याप्त हो गया। वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी विमल जैन राजू के पिता थे।
श्री यंग दिगम्बर जैन फाउंडेशन मुरैना के कार्याध्यक्ष मनोज जैन नायक ने बताया कि दिवंगत सुमतिचंद जैन ने अपने जीवन का लंबा समय समाजसेवा, धार्मिक गतिविधियों और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में लगाया। जैन समाज में उनका विशेष सम्मान था। वे समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों से आत्मीय संबंध रखते थे और अपने अनुभव, सरल स्वभाव एवं मार्गदर्शक भूमिका के कारण सभी के बीच आदर के पात्र थे। समाज के लोग उन्हें अपना अभिभावक और मार्गदर्शक मानते थे। उनके लंबे सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें जैन समाज के भीष्म पितामह के रूप में याद किया जाता रहेगा।
समाज के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में उनकी सक्रिय सहभागिता रही। सामाजिक एकता, परिचय सम्मेलन, सामूहिक विवाह जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े आयोजनों के साथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सवों के सफल आयोजन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन प्रयासों के माध्यम से उन्होंने समाज में आपसी सहयोग, एकता, धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाई। उनका मानना था कि समाज की मजबूती आपसी सद्भाव, सहयोग और सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।
उनका जीवन इस बात का उदाहरण रहा कि समाजसेवा केवल पद अथवा प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि निस्वार्थ भाव से दिए गए समय, श्रम और समर्पण से सार्थक होती है। उन्होंने अपने व्यवहार और कार्यों से समाज की कई पीढ़ियों को जोड़ने का काम किया। उनके निधन से सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में एक ऐसी रिक्तता उत्पन्न हुई है, जिसकी भरपाई सहज नहीं होगी।
सुमतिचंद जैन के निधन पर जैन समाज के गणमान्य लोगों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों एवं परिचितों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक व्यक्त करने वालों ने कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मरण किया जाएगा।
आज श्रद्धांजलि हेतु होगी उठावनी बैठक
दिवंगत सुमतिचंद जैन को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए शुक्रवार 27 नवंबर को दोपहर 3 से 4 बजे तक जैन बगीची, अम्बाह में उठावनी बैठक आयोजित की गई है।

Please follow and like us:
Pin Share