ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर में 15 अक्टूबर को द्वादश दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल, मध्यप्रदेश एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री मंगुभाई पटेल समारोह की अध्यक्षता करते हुए विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगे। यह बात पत्रकारों से चर्चा के दौरान राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अरविंद कुमार शुक्ला ने बताई। उन्होंने कहा कि समारोह में 666 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी, जबकि चार विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और तीन को सिरताज बहादुर सिन्हा स्मृति नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के विशिष्ट अतिथि किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना तथा भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री दिनेश कुलकर्णी होंगे। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगडी सभागार में प्रारंभ होगा।
कृषि प्रसंस्करण इकाई का होगा लोकार्पणः-
कुलपति ने कहा कि मुख्य समारोह से पहले राज्यपाल विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर एग्रीबिजनेस इनक्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (सीएआईई) में स्थापित नवीन सेंट्रल प्रोसेसिंग यूनिट का लोकार्पण करेंगे। यह इकाई कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और
कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
स्नातक से पीएचडी तक के विद्यार्थी होंगे सम्मानितः-
कुलपति प्रो. अरविन्द कुमार शुक्ला ने बताया कि उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में स्नातक के 345, स्नातकोत्तर के 294 और पीएचडी के 27 विद्यार्थी शामिल हैं। ये उपाधियां 01 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 के बीच उपाधि पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी। समारोह में कुलपति विद्यार्थियों को दीक्षोपदेश देंगे। इस अवसर पर विद्यार्थियों के परिजन भी उपस्थित रहेंगे।

