चंबल नदी का जलस्तर बढ़ रहा प्रशासन अलर्ट

इटावा। जिले में चंबल नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, मंगलवार को यह 119.32 मीटर रिकॉर्ड किया गया। चेतावनी बिंदु 119.80 मीटर और खतरे का बिंदु 120.80 मीटर तय है। नदी में यह तेजी राजस्थान के कोटा बैराज से 2.41 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण देखी गई है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। सदर और चकरनगर तहसील के कई गांवों को संभावित रूप से प्रभावित मानते हुए वहां निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि अभी बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी अवनीश दुबे ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए 27 बाढ़ चौकियां और 27 शेल्टर होम तैयार कर लिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को इन शेल्टर होम में सुरक्षित रखा जाएगा। श्री दुबे ने बताया कि फिलहाल जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब है। 2022 में चंबल का सर्वाधिक जलस्तर 129.77 मीटर रिकॉर्ड हुआ था, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन एहतियातन जिले भर के अधिकारी फील्ड में तैनात हैं। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह में न आएं और प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखें। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय अधिकारियों या कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना दें

Please follow and like us:
Pin Share