Headlines

राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर कृषि विश्वविद्यालय में श्रद्धांजलि, नवाचारों से रूबरू हुए 200 विद्यार्थी

ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती के अवसर पर सोमवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने राजमाता को नमन किया। वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालय, दतिया के लगभग 200 विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय का भ्रमण कर आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और कृषि आधारित उद्यमिता की संभावनाओं को करीब से जाना।
कुलगुरु डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कृषि शिक्षा में उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कृषि को नवाचार, वैज्ञानिक तकनीकों और उद्यमिता से जोड़कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. वाय.पी. सिंह ने विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की विभिन्न प्रकार की मिट्टी, जलवायु, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की जानकारी दी। इसके बाद विशेषज्ञों ने उद्यानिकी, फल-सब्जी उत्पादन, फूलों की खेती, पौध प्रबंधन और कृषि व्यवसाय से संबंधित जानकारियां साझा कीं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने हाइड्रोपोनिक्स, एयरोपोनिक्स, हाईटेक नर्सरी, ब्लूबेरी उत्पादन इकाई, तरल नाइट्रोजन संयंत्र और ऊतक संवर्धन प्रयोगशाला का अवलोकन किया। कृषि आधारित औद्योगिक इकाइयों, पशुपालन एवं डेयरी यूनिट और राष्ट्रीय सेवा योजना के कृषि मॉडलों के माध्यम से भी उन्हें तकनीकी जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केंद्र, ग्वालियर में विद्यार्थियों ने मुर्गीपालन, बकरीपालन, कड़कनाथ, वर्मीकम्पोस्ट और अजोल उत्पादन सहित विभिन्न इकाइयों का भ्रमण किया। वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. शैलेंद्र सिंह कुशवाह तथा विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को इन गतिविधियों के महत्व और रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया।
इस शैक्षणिक भ्रमण में जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि की आधुनिक तकनीकों से परिचित कराकर कृषि क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता के प्रति प्रेरित करना रहा।

Please follow and like us:
Pin Share