इटावा। अखिल विश्व गायत्री परिवार जनपद इटावा के तत्वावधान में रविवार, 18 अक्टूबर को नारी उत्कर्ष सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कर्मक्षेत्र महाविद्यालय के पीछे पक्का तालाब स्थित लक्ष्मी वाटिका में होने वाले इस सम्मेलन में नारी जागरण, नारी सशक्तीकरण, संस्कार निर्माण और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन परम पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं माता भगवती देवी शर्मा जी के मार्गदर्शन और सूक्ष्म संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है।सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाने के साथ ही परिवार एवं समाज में संस्कारों और नैतिक मूल्यों को मजबूत करना है। इसके अंतर्गत संस्कार एवं चरित्र निर्माण, पारिवारिक सामंजस्य और सद्भाव, कुरीतियों एवं रूढ़ियों का उन्मूलन, समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी तथा शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी।आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन के माध्यम से माताओं और बहनों को सामाजिक एवं पारिवारिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए समर्थ और सुसंस्कृत समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। महिलाओं से इस पुनीत अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की गई है।
सम्मेलन का आयोजन सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जबकि दोपहर दो बजे से भोजन प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। अखिल विश्व गायत्री परिवार जनपद इटावा की ओर से सभी माताओं एवं बहनों से सम्मेलन में सम्मिलित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।
इटावा में 18 अक्टूबर को होगा नारी उत्कर्ष सम्मेलन, नारी सशक्तीकरण और संस्कार निर्माण पर होगा मंथन

